सीयूएसबी के लीगल एड क्लिनिक में नए सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 अक्टूबर 2026
गयाजी। गुरुवार को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस (एसएलजी) के अंतर्गत संचालित लीगल एड क्लिनिक द्वारा नए सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को क्लिनिक के उद्देश्यों, विधिक साक्षरता और समाजोन्मुख शिक्षा से परिचित कराना था।
जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम में एसएलजी के हेड एंड डीन प्रो. अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर व्यावहारिक कानूनी ज्ञान अर्जित करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ विधि के व्यावहारिक पक्ष को समझने और समाज के बीच काम करने के लिए प्रेरित किया।
आगामी योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी
लीगल एड क्लिनिक के संयोजक प्रो. सुरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए क्लिनिक की आगामी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान पिछले वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित स्लाइड शो छात्र संयोजक अनुज एवं छवि द्वारा प्रस्तुत किया गया।
स्लाइड शो में आशा योजना के तहत बालिका बचाओ अभियान, गांवों का दौरा, नुक्कड़ नाटक, स्कूल विजिट, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता, लीगल एड कैंप, पौधरोपण सहित क्लिनिक द्वारा प्रकाशित दो पत्रिकाओं से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
लीगल एड क्लिनिक को सीखने का बड़ा मंच बताया
कार्यक्रम में सह-संयोजिका डॉ. चंदना सुबा ने नए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। वहीं मेंटर रिफत हयात ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि लीगल एड क्लिनिक को केवल एक क्लिनिक के रूप में नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और सीखने के बड़े मंच के रूप में देखा जाना चाहिए।
सह-संयोजक डॉ. अनंत प्रकाश नारायण ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जो भी कार्य करें, उसमें पूरी रुचि और आनंद के साथ भाग लें। उन्होंने लीगल एड क्लिनिक की गतिविधियों के माध्यम से कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सह-संयोजिका डॉ. सुनैना ने भी सभी सदस्यों को आपसी सहयोग और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
विभिन्न प्रभागों के प्रमुखों का परिचय
कार्यक्रम के दौरान लीगल एड क्लिनिक के विभिन्न प्रभागों के प्रमुखों का भी परिचय कराया गया। इनमें आर्या सिंह—मीडिया प्रमुख, विनेदिता पंकज—ड्राफ्टिंग प्रमुख, ऋतु अपर्णा सिंह—डिजाइनिंग प्रमुख, अहमद फारूकी—पत्रिका प्रमुख, बाबुल सुप्रीमो—इवेंट मैनेजमेंट प्रमुख एवं हिमांशु कात्यायन—नुक्कड़ नाटक प्रमुख शामिल हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से नए सदस्यों को लीगल एड क्लिनिक की कार्यप्रणाली, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों को विधिक ज्ञान को समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचाने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए सक्रिय रूप से भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया।
