सरदार पटेल के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें युवा : कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 31 अक्टूबर 2026,
गयाजी। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में शनिवार को ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
देश की एकता और अखंडता में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय
इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व, संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों की गुलामी के बाद स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि सामान्यतः लोग इतिहास पढ़ते हैं या उसका हिस्सा बनते हैं, लेकिन सरदार पटेल का व्यक्तित्व इतना विराट था कि आज उन्हें इतिहास पुरुष के रूप में याद किया जाता है। उनके विचार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और दृढ़ संकल्प आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कुलपति ने दिलाई एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को एकता दौड़ की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षक रहे मौजूद
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. गौरव कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, डीएसडब्ल्यू प्रो. पवन कुमार मिश्रा, कुलानुशासक प्रो. प्रणव कुमार, प्रो. प्रवीण कुमार, प्रो. आशीष सिंह, प्रो. ए.पी. सिंह, प्रो. सुमित कुमार, प्रो. मितांजलि साहू, प्रो. उषा तिवारी, डॉ. विकल सिंह, डॉ. पिंटू लाल मंडल, डॉ. प्रणव त्रिपाठी, डॉ. आतिश कुमार दास, डॉ. अजय मन्हास, डॉ. अश्विनी राय, डॉ. अल्पेश शर्मा एवं सहायक कुलसचिव शशि रंजन सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, शारीरिक शिक्षा विभाग के शोधार्थी रितेश चौधरी, चंदन कुमार एवं मोहित कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
एकता दौड़ के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरित कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूक करना रहा।
