दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 37.50 करोड़ की बीमा राशि वितरित
आर्यावर्त वाणी | पटना | 21 मई 2026,
पटना: गुरुवार को पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय, सरदार पटेल भवन में ‘बैंक ऑफ बड़ौदा बिहार पुलिस सैलरी पैकेज दिवंगत पुलिसकर्मी बीमा लाभ वितरण कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 61 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को कुल 37 करोड़ 50 लाख रुपये की बीमा राशि चेक के माध्यम से प्रदान की।
पुलिसकर्मियों को चिंता करने की जरूरत नहीं – मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उन्हें हरसंभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराएगी।
सुशासन में पुलिस की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सुशासन स्थापित करने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्धि और विकास का रास्ता सुशासन से होकर गुजरता है और इसमें पुलिस प्रशासन का योगदान सराहनीय है।
पुलिस लाइनों में खोले जाएंगे बेहतर विद्यालय
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिहार के सभी 40 पुलिस लाइनों में पुलिसकर्मियों के बच्चों की बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जल्द ही अच्छे विद्यालय खोले जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश के विभिन्न जगहों से आये पुलिसकर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे।
