बिपार्ड, गयाजी में मुख्यमंत्री ने किया ‘मंथन-2025’ कार्यशाला का उद्घाटन

0
IMG-20251217-WA0003.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना/गयाजी | 17 दिसंबर 2025,

पटना/गयाजी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गयाजी स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित ‘मंथन-2025’ दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अधिकारियों से सरकार की योजनाओं को तेजी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता को प्रशासन से बड़ी उम्मीदें रहती हैं और इन उम्मीदों पर खरा उतरना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार को देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए बनाई गई योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करना प्राथमिकता है।

बिपार्ड परिसर में अनेक विकास कार्यों का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिपार्ड परिसर में विकसित संवाद वाटिका, योगा परिसर, बिपार्ड लॉन, नक्षत्र वन, पुनर्योजित ब्रह्म योनि सरोवर, हॉर्स राइडिंग ट्रैक, पुस्तकालय ‘बिक्रमशिला’, मोटरवाहन प्रशिक्षण केंद्र, अंतरिक्ष गैलरी, बिपार्ड दीर्घा एवं उत्कृष्टता केंद्र का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

अधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कार्यशाला में शामिल सभी प्रमंडलीय आयुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। बोधगया मंदिर प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया।

कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र सहित सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page