निगरानी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई में तीसरे दिन बांका में सर्वे अमीन 8,500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | पटना / बांका | 02 मई 2026,
पटना/बांका: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईजी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए बांका जिले में एक सर्वे अमीन को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह लगातार तीसरा दिन है जब निगरानी ब्यूरो ने घूसखोर सरकारी कर्मियों के खिलाफ सफल कार्रवाई की है। इससे पहले बांका और पूर्णिया में भी दो अलग-अलग मामलों में सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।
किराये के आवास से रंगेहाथ दबोचा गया आरोपी
निगरानी थाना कांड संख्या-066/26 के तहत मुख्यालय टीम ने बांका जिले के चांदन अंचल कार्यालय में पदस्थापित सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कार्रवाई चांदन थाना क्षेत्र स्थित उनके किराये के आवास पर की गई, जहां निगरानी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया।
जमीन के कागजात में त्रुटि सुधारने के लिए मांगी जा रही थी रिश्वत
मामले के शिकायतकर्ता दिग्घीवारी गांव निवासी दिनेश मंडल ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जमीन सर्वेक्षण के दौरान सर्वे अमीन द्वारा रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर जमीन के कागजात और पर्चा में नाम, जाति, चौहद्दी, रकवा और खेसरा संबंधी जानबूझकर त्रुटियां दर्ज कर दी गईं। बाद में इन त्रुटियों को सुधारने के बदले 8,500 रुपये रिश्वत की मांग की गई।
सत्यापन में सही मिला आरोप
निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान
निगरानी ब्यूरो द्वारा पिछले तीन दिनों में कई सफल कार्रवाई करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने की सूचना तुरंत निगरानी विभाग को दें।
