गयाजी के पॉश इलाके ए पी कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर कैशियर को मारी गोली

0
Screenshot_2026_0516_001327.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 मई 2026,

गयाजी: शहर के अनुग्रह पुरी ( ए पी ) कॉलोनी इलाके में शुक्रवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। आशा सिंह मोड़ के समीप स्थित सुधा दूध कलेक्शन सेंटर में घुसे हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की और विरोध करने पर कैशियर को गोली मार दी।

चार से पांच अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार-पांच की संख्या में पहुंचे अपराधी हथियारों से लैस थे। सभी बदमाश अचानक सेंटर में घुसे और कर्मचारियों को डराते हुए कैश काउंटर से रुपये लूटने लगे। इसी दौरान सेंटर के कैशियर सुधीर कुमार ने विरोध किया, जिस पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली सुधीर कुमार के पैर में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

दो लाख से अधिक नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

बताया जा रहा है कि अपराधी सेंटर से दो लाख रुपये से अधिक नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल कैशियर सुधीर कुमार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद इलाके में जुटी भारी भीड़

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद एपी कॉलोनी एवं आसपास के इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सबसे सुरक्षित और व्यस्त माने जाने वाले इलाके में इस तरह की घटना होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की बात कह रही है।

बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में नाराजगी

इस घटना के बाद गयाजी शहर में बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने शहर में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page