सुशासन दिवस पर जीविका दीदियों ने दीपोत्सव और रंगोली बनाकर लिया आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प

0
IMG-20261125-WA0003
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 नवम्बर 2026,


गयाजी। बिहार में सुशासन की यात्रा के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार, 25 नवंबर 2026 को गयाजी जिले के विभिन्न प्रखंडों में जीविका दीदियों ने दीपोत्सव और रंगोली निर्माण कर उत्सव मनाया। इस दौरान संकुल स्तरीय संघों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जीविका दीदियों ने एकजुट होकर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण का संकल्प लिया।

शेरघाटी में जीवन ज्योति जीविका महिला संकुल संघ और उज्ज्वल जीविका महिला संकुल संघ की दीदियों ने रंगोली बनाकर दीप जलाए। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं ने सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में हुए प्रयासों और सकारात्मक बदलावों का उत्सव मनाया।

स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर

कार्यक्रम में महिलाओं ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार को महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, बैंकिंग सेवाओं और उद्यमिता से जुड़ने के अवसर मिले हैं। इससे उनकी आय और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने अपने स्वयं सहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाने, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को जीविका से जोड़ने तथा बच्चों की बेहतर शिक्षा और पोषण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही आत्मनिर्भर बिहार के सपने को साकार किया जा सकता है।

ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व का सशक्त मंच है जीविका

जिला परियोजना प्रबंधक, गयाजी आचार्य मम्मट ने कहा कि जीविका केवल आजीविका संवर्धन का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व विकास, सामाजिक परिवर्तन और सामुदायिक सशक्तिकरण का भी सशक्त मंच बनकर उभरा है। आज जीविका दीदियां स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संस्थाओं का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रही हैं तथा स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के अनेक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page