गणित-विज्ञान की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, स्कूलों में पहुंची गया अभियंत्रण महाविद्यालय की टीम
आर्यावर्त वाणी | खिजरसराय/गयाजी | 07 नवम्बर 2026,
खिजरसराय, गयाजी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों में गणित एवं विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को राज्यस्तरीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गया अभियंत्रण महाविद्यालय की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को राष्ट्रीय गणित दिवस 2026 एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2027 के अवसर पर आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं की जानकारी दी जा रही है।
विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं को लेकर गया अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारिका दास नीमा के निर्देश पर प्राध्यापकों की टीम विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर रही है। इस अभियान में डॉ. योगेन्द्र कुमार सिंह और डॉ. सुरेश कुमार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में टीम ने गयाजी के विभिन्न विद्यालयों के अलावा मानव भारती पब्लिक स्कूल और ज्ञान दीप पब्लिक स्कूल, केंदुई पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से बातचीत की।
गणित और विज्ञान की प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के उद्देश्य, स्वरूप और भागीदारी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी गणितीय समझ, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा प्रदर्शित करने का राज्यस्तरीय अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में शामिल होने और निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों से भी प्रतिभावान विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।
बौद्धिक विकास और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना उद्देश्य
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारिका दास नीमा ने इस जागरूकता अभियान को विद्यार्थियों के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से विद्यार्थियों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित होगी तथा उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गणितीय अभिरुचि और नवाचार की भावना विकसित करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को राज्यस्तर पर प्रदर्शित कर सकें।
