छतनी गांव में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, मकान मालिकों को 10 दिनों का अल्टीमेटम; नहीं हटाया तो चलेगा बुलडोजर!
आर्यावर्त वाणी | नीमचक बथानी/गयाजी | 04 नवंबर 2026,
नीमचक बथानी (गयाजी)। ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) की ओर से डागरा से करहरा तक कराए जा रहे सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार, 4 नवंबर 2026 को अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने छतनी गांव पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की जमीन पर बने मकानों के कारण निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं का जायजा लिया गया।
संयुक्त निरीक्षण का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने किया। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, संबंधित कनीय अभियंता एवं ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के अधिकारी मौजूद रहे।
12 फीट की सड़क सिमटकर रह गई 8 फीट
दरअसल, डागरा से करहरा तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस मार्ग में पड़ने वाले छतनी गांव में पांच से छह मकान ऐसे बने हुए हैं, जिनके कारण सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई प्रभावित हो रही है। निर्धारित 12 फीट चौड़ी सड़क इन मकानों के पास सिमटकर महज 8 फीट रह जाती है। इससे न केवल सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि भविष्य में वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होने की आशंका है।
10 दिनों के भीतर खुद हटाना होगा अतिक्रमण
स्थल निरीक्षण के बाद अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने संबंधित मकान मालिकों को मौखिक रूप से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित मकान मालिकों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है, तो प्रशासन की ओर से नियमानुसार अतिक्रमणवाद चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से डागरा-करहरा सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, अब देखना होगा कि संबंधित मकान मालिक प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए खुद अतिक्रमण हटाते हैं या फिर 10 दिनों की समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ती है।
