गया कॉलेज के शिक्षा शास्त्र विभाग में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

0
IMG-20261006-WA0011
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 अक्टूबर 2026

गयाजी: मंगलवार को गया कॉलेज, गयाजी के शिक्षा शास्त्र विभाग में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षा पीठ के एम.एड. इंटर्न्स की देखरेख में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गया कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। प्रतियोगिताओं में एम.एड. के विद्यार्थियों के साथ बी.एड. के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय धीरज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक सक्रियता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक भौतिक खेलों में रुचि विकसित करनी चाहिए और अनावश्यक स्क्रीन टाइम को कम करना चाहिए। वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

डॉ. धीरज ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलखिलाएगा और जो खेल खिलाएगा, वही इस जगत में खेलेगा, फलेगा और फूलेगा।”

शतरंज में ऋषभ और ईशा बने विजेता

आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शतरंज प्रतियोगिता में लड़कों की श्रेणी में ऋषभ ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लड़कियों की श्रेणी में ईशा विजेता रहीं।

बैडमिंटन में अनुष्का और नवीन-ऋषभ की जोड़ी अव्वल

बैडमिंटन के बालिका वर्ग में अनुष्का ने प्रथम तथा सपना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग के युगल मुकाबले में नवीन और ऋषभ की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंकित और सुजल की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही।

100 मीटर दौड़ में भी विद्यार्थियों ने दिखाई रफ्तार

100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में सागर ने प्रथम, अनंत ने द्वितीय और राहुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अहिंसा और हर्षिका संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। सपना ने द्वितीय और अनुष्का ने तृतीय स्थान हासिल किया।

खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शिक्षा शास्त्र विभाग के अमरेंद्र कुमार, डॉ. मोहम्मद सदरे आलम, डॉ. रानी नीना प्रियदर्शनी, निखत परवीन, अजय शर्मा और विदुषी कुमारी के साथ शिक्षकेतर कर्मचारी संगीता राय, ताजवर नाज, अश्वनी कुमार, साबिर अली और विकास कुमार मौजूद रहे।

आयोजन में एम.एड. इंटर्न्स ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं समन्वय में अश्वनी कुमार, मो. आसीम जुबैर, दीप राज आर्य, मानसी चौधरी, प्रेमलता, सत्यम कुमार और बसंत कुमार सक्रिय रूप से जुटे रहे। विभाग की ओर से विदुषी कुमारी ने को-ऑर्डिनेटर के रूप में पूरे कार्यक्रम का संचालन संभाला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में एम.एड. इंटर्न्स की भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के महत्व से भी जोड़ा गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page