अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विशेषांक ‘सीयूएसबी टाइम्स 2026’ का कुलपति ने किया विमोचन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 अक्टूबर 2026
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के तिमाही न्यूज़लेटर ‘सीयूएसबी टाइम्स 2026’ (अप्रैल-जून) के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विशेषांक का विमोचन कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अपने कार्यालय में किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन एवं न्यूज़लेटर के संपादक सह जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. सिंह ने संपादकीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि विशेषांक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि योग दिवस की गतिविधियों को कवर पेज के साथ आंतरिक पृष्ठों पर भी आकर्षक तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही विश्वविद्यालय की तीन माह की अकादमिक गतिविधियों और उपलब्धियों को भी इसमें समाहित किया गया है।
20 पृष्ठों में दर्ज हुआ सीयूएसबी का तीन माह का सफर
कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा के मार्गदर्शन में प्रकाशित 20 पृष्ठों के इस न्यूज़लेटर में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को विभिन्न शीर्षकों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि न्यूज़लेटर के प्रथम पृष्ठ पर सीयूएसबी और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के बीच हुए एमओयू तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 समारोह को प्रमुखता दी गई है।
न्यूज़लेटर में विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, राष्ट्रीय एवं महत्वपूर्ण दिवसों, खेल प्रतियोगिताओं, सेमिनार, कार्यशालाओं और व्याख्यानों के साथ शिक्षकों की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां, पुरस्कार, सम्मान, शोध अनुदान, प्रकाशित पुस्तकें, शोध एवं जर्नल लेख तथा सेमिनार-कांफ्रेंस में सहभागिता का भी विवरण दिया गया है।
इसके अलावा विद्यार्थियों के प्लेसमेंट, छात्रवृत्ति एवं फेलोशिप, सेमिनार में सहभागिता और राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों को भी विशेष स्थान दिया गया है। न्यूज़लेटर के अंतिम हिस्से में विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सीयूएसबी की प्रमुख खबरों की क्लिपिंग्स को आकर्षक कोलाज के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो विश्वविद्यालय की तीन माह की गतिविधियों और उपलब्धियों को समग्र रूप से दर्शाता है।
