पितृपक्ष मेले में सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाल रहे आईजी विकास वैभव
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 सितम्बर 2026,
गयाजी। पितृपक्ष महासंगम मेला-2026 में देश-विदेश से पहुंच रहे पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गयाजी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, विकास वैभव स्वयं कर रहे हैं।
मेला क्षेत्र में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
आईजी विकास वैभव लगातार टेंट सिटी, पूजा स्थलों, प्रमुख घाटों और मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान वे मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
सीसीटीवी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि पिंडदानी और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
पितृपक्ष मेले को लेकर गयाजी जिले में 4,000 से अधिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस पदाधिकारी और जवान मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार सक्रिय हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पूजा स्थलों, प्रमुख मार्गों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
चेक पोस्टों का भी किया औचक निरीक्षण
इसी क्रम में रविवार को आईजी विकास वैभव ने झारखंड सीमा से सटे विभिन्न चेक पोस्टों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने झारखंड बॉर्डर चेक पोस्ट एवं एरका चेक पोस्ट पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं, वाहनों की जांच और पुलिस बल की ड्यूटी का जायजा लिया। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं के बीच दिख रहा सुरक्षा को लेकर भरोसा
गयाजी पहुंचे पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं के बीच मेला क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि पूजा स्थलों, टेंट सिटी और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी तथा निगरानी से उन्हें आवागमन में सुविधा के साथ सुरक्षा का भरोसा मिल रहा है।
पितृपक्ष महासंगम मेले के दौरान आईजी विकास वैभव की लगातार जमीनी निगरानी के साथ पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
