पितृपक्ष मेला से पहले विष्णुपद में अस्थायी थाना शुरू, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर पुलिस का फोकस
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 सितंबर 2026
गयाजी: आगामी पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर गयाजी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के द्वारा विष्णुपद स्थित अस्थायी थाना का उद्घाटन किया गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
उद्घाटन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ भीड़ नियंत्रण और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अलग-अलग पुलिस इकाइयों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया, ताकि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
