अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में गया कॉलेज उपविजेता, खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बढ़ा महाविद्यालय का गौरव
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 सितंबर 2026
गयाजी: शुक्रवार को अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में गया कॉलेज, गयाजी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का परिचय देते हुए विभिन्न मुकाबलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और फाइनल में अपनी जगह बनाई।
उपविजेता बनने के बाद महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को महाविद्यालय की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्रा ने उपविजेता कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि गया कॉलेज खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। प्राचार्य ने सभी खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इन खिलाड़ियों ने किया टीम का प्रतिनिधित्व
उपविजेता गया कॉलेज कबड्डी टीम में कप्तान दीपक कुमार, सागर कुमार, रूपेश, रोहित, सनी, पीयूष कुमार, विक्की, अंकित, प्रवीण एवं विक्रम शामिल रहे।
एथलेटिक्स सोसायटी अध्यक्ष ने उपलब्धि को बताया गौरव का विषय
गया कॉलेज एथलेटिक्स सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कबड्डी टीम की उपविजेता की उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। डॉ. आनंद कुमार ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है सफलता
गया कॉलेज के पीटीआई अंजनी कुमार ने कहा कि टीम के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। उपविजेता का खिताब खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की। गया कॉलेज की टीम आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
इस अवसर पर प्रधान सहायक संतोष कुमार सिंह सहित गया कॉलेज परिवार के सभी सदस्यों ने कबड्डी टीम के खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
