भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति और निवेश के दस्तावेज बरामद
आर्यावर्त वाणी | पटना/पूर्णिया | 16 सितंबर 2026
पटना/पूर्णिया: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना ने भवन निर्माण विभाग, पूर्णिया प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी के खिलाफ प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला दर्ज किया है। निगरानी थाना कांड संख्या 109/26, दिनांक 14 सितंबर 2026 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगरानी के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ 1,97,58,070 रुपये के प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला दर्ज किया गया है।
पटना और पूर्णिया में तीन ठिकानों पर तलाशी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार अनुसंधान के दौरान विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से सर्च वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद 16 सितंबर को निगरानी की तीन अलग-अलग तलाशी टीमों ने सत्येन्द्र कुमार चौधरी के पटना स्थित दो आवासों तथा पूर्णिया स्थित कार्यालय/आवास पर तलाशी शुरू की। ब्यूरो के अनुसार तलाशी की कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की संभावना है।
2011 से 2025 के बीच खरीदी गईं सात अचल संपत्तियां
निगरानी के अनुसार सत्येन्द्र कुमार चौधरी, उनकी पत्नी उषा देवी और परिजनों के नाम पर वर्ष 2011 से 2025 के बीच कुल सात अचल संपत्तियां पाई गई हैं।
इनमें फुलवारी शरीफ में एक जमीन, जिस पर निर्मित मकान है, नौबतपुर में चार जमीनें, जिनका कुल रकबा लगभग 74 डिसमिल, तथा दानापुर में लगभग 7.18 डिसमिल की एक जमीन शामिल बताई गई है। ब्यूरो के अनुसार इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 3,60,58,070 रुपये आंका गया है, जबकि चल संपत्ति का मूल्य लगभग 26 लाख रुपये बताया गया है।
ज्ञात आय से करीब 68 प्रतिशत अधिक संपत्ति का दावा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार अभियुक्त की कुल ज्ञात आय की तुलना में पाई गई संपत्ति करीब 68 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला दर्ज किया गया है। संपत्तियों और आय के स्रोत से संबंधित दस्तावेजों की जांच अनुसंधान के दौरान की जा रही है।
पांच मंजिला मकान से महंगे सामान और सोलर पैनल तक मिले
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को फुलवारी शरीफ स्थित एक पांच मंजिला, लिफ्टयुक्त और सोलर पैनल लगे मकान के संबंध में जानकारी मिली। ब्यूरो के अनुसार मकान में महंगे फर्नीचर और अन्य सामान मौजूद हैं। भवन का विधिवत मूल्यांकन कराया जाएगा। वहीं, एजी कॉलोनी स्थित एक संयुक्त तीन मंजिला मकान भी जांच के दायरे में है। निगरानी के अनुसार इस भवन का भी विधिवत मूल्यांकन कराया जाएगा।
नकदी, आभूषण और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद
तलाशी के दौरान अब तक एक लाख रुपये नकद, सोना, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद होने की जानकारी निगरानी ब्यूरो ने दी है। आभूषणों का विधिवत मूल्यांकन कराया जा रहा है।
इसके अलावा बैंक और एलआईसी में निवेश से संबंधित बड़ी संख्या में दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। एक हुंडई कार के संबंध में भी तलाशी के दौरान जानकारी मिली है।
ग्रेटर नोएडा में फ्लैट की भी जानकारी
निगरानी ब्यूरो के अनुसार जांच के दौरान ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट होने की जानकारी सामने आई है। इस संपत्ति से संबंधित तथ्यों की जांच कराई जा रही है।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी संपत्ति की विस्तृत तस्वीर
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार संबंधित ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है और दस्तावेजों एवं संपत्तियों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद चल-अचल संपत्ति, निवेश और अन्य दस्तावेजों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।
