फुल्लीडूमर BDO 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, मामा भी निगरानी के हत्थे चढ़ा

0
Screenshot_2026_0901_222611.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | बांका | 01 सितंबर 2026

बांका: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में बांका जिले में बड़ी सफलता मिली है। निगरानी की मुख्यालय टीम ने फुल्लीडूमर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। निगरानी के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी बांका के नेहरू कॉलोनी स्थित BDO के किराये के मकान से की गई।

26 कार्य योजनाओं के अनुमोदन के एवज में मांगी गई थी रिश्वत

मामले में शिकायतकर्ता गौतम प्रकाश ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फुल्लीडूमर प्रखंड में 15वीं वित्त की राशि से 26 कार्य योजनाओं के अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान निगरानी टीम को रिश्वत मांगे जाने के आरोप का प्रथमदृष्टया प्रमाण मिला। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 102/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज कर कार्रवाई के लिए धावादल का गठन किया गया।

75 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़े गए

अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में गठित धावादल ने कार्रवाई की। टीम ने BDO अमित प्रताप सिंह एवं उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को 75,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी के अनुसार, बच्चन कुमार सिंह को इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

2026 में 102वीं प्राथमिकी, 94वां ट्रैप कांड

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, भ्रष्टाचार के विरुद्ध वर्ष 2026 में यह 102वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। वहीं यह 94वां ट्रैप कांड है। इन मामलों में अब तक कुल 95 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

ब्यूरो के मुताबिक इस वर्ष अब तक रिश्वत के रूप में 35 लाख 9 हजार 800 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक नए वाशिंग मशीन को भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 37 हजार रुपये बताई गई है।

पिछले वर्ष की तुलना में ट्रैप कार्रवाई में 40 फीसदी बढ़ोतरी

निगरानी ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 94 ट्रैप कांड दर्ज किए जा चुके हैं। ब्यूरो के अनुसार इस वर्ष औसतन 11.8 ट्रैप कांड प्रति माह दर्ज हुए हैं, जबकि 2025 में यह औसत 8.4 प्रति माह था। इस आधार पर इस वर्ष ट्रैप मामलों में लगभग 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी बताई गई है।

रिश्वत मांगे जाने पर शिकायत की अपील

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी लोक सेवक यानी सरकारी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो समय रहते इसकी शिकायत की जाए, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page