सीयूएसबी में ‘समाज के लिए विज्ञान’ श्रृंखला के तहत विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय ने इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी की उपयोगिता पर डाला प्रकाश

0
IMG-20260811-WA0004.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 अगस्त 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के भौतिकी विभाग द्वारा ‘समाज के लिए विज्ञान’ व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन नेशनल यंग एकेडमी ऑफ साइंस (INYAS), नई दिल्ली एवं इंडियन फिजिक्स एसोसिएशन, बिहार चैप्टर के सहयोग से किया गया।

कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के धातुकर्म विभाग के प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय ने ‘इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी द्वारा नवीन पदार्थों का संरचनात्मक एवं रासायनिक अभिलक्षणन’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया।

प्रो. मुखोपाध्याय ने इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी के पीछे निहित मूलभूत भौतिकी और तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण उन्नत पदार्थों के विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि उन्नत इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी तकनीकों के माध्यम से पदार्थों की मूलभूत भौतिकी एवं संरचना को समझने में मदद मिलती है। इससे विभिन्न पदार्थों के बहु-कार्यात्मक गुणों को बेहतर ढंग से अनुकूलित करने में भी सहायता मिल सकती है।

विद्यार्थियों ने पूछे तकनीकी सवाल

जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रोहित रंजन शाही द्वारा वक्ता एवं प्रतिभागियों के स्वागत से हुई। उन्होंने कार्यक्रम की विषय-वस्तु तथा व्याख्यान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। साथ ही विज्ञान के लोकप्रियकरण में आईएनवाईएएस की भूमिका एवं उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

भौतिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अतुल प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान विभाग, संकाय एवं विश्वविद्यालय के स्नातक तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वक्ता के साथ संवाद करते हुए ट्रांसमिशन इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप (TEM) से संबंधित कई प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 120 से अधिक एकीकृत स्नातक-स्नातकोत्तर, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों ने भाग लिया।

शोध के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहन

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह ने पदार्थ विज्ञान में महत्वपूर्ण अभिलक्षणन तकनीकों में से एक विषय पर व्याख्यान देने के लिए प्रो. मुखोपाध्याय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने सीयूएसबी के विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विभाग के विभिन्न संकाय सदस्यों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page