मंडल कारा, जहानाबाद का डीएम-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, ‘धन्वंतरी उद्यान’ का उद्घाटन

0
1785776551360.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 03 अगस्त 2026,

जहानाबाद: सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने मंडल कारा, जहानाबाद का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं एवं कारा प्रशासन की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कारा परिसर में विकसित किए गए ‘धन्वंतरी उद्यान’ का उद्घाटन भी किया।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारा की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने सोलर पैनलों को शीघ्र कार्यशील बनाने, कारा की परिधि दीवार की ऊंचाई बढ़ाने तथा अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से कारा परिसर को और अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा।

धन्वंतरी उद्यान’ का उद्घाटन, 40 औषधीय पौधों का रोपण

निरीक्षण के उपरांत कारा परिसर में नवनिर्मित ‘धन्वंतरी उद्यान’ का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक एवं औषधीय महत्व वाले लगभग 40 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल कारा परिसर को हरित एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

महिला एवं वृद्ध बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला एवं वृद्ध बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन बंदियों के लिए नियमित मनोचिकित्सकीय परामर्श (Psychiatric Counselling) एवं काउंसलिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनका मानसिक एवं सामाजिक पुनर्वास बेहतर ढंग से हो सके।

बंदियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना

दोनों अधिकारियों ने बंदियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को मजबूत करती हैं।

स्वच्छ एवं मानवीय कारा प्रशासन पर बल

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंडल कारा परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सुरक्षित, संवेदनशील एवं मानवीय कारा प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पुनर्वास से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page