प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गया कॉलेज के छात्रों से किया सीधा संवाद, नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प

0
IMG-20260803-WA0000.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 अगस्त 2026,

गयाजी: वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित “नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन देशभर के 125 चयनित शिक्षण संस्थानों में एक साथ किया गया। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन के प्रति प्रेरित करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। बिहार के चयनित संस्थानों में शामिल गया कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से लाइव संवाद किया।

प्रधानमंत्री ने युवाओं को दिया नशामुक्त भारत का संदेश

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की प्रगति का आधार होता है। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कुलपति और शिक्षाविदों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी थे। विशिष्ट अतिथियों में कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम, कुलानुशासक प्रो. कृष्णदेव प्रसाद वर्मा तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने की।

गया कॉलेज के लिए बताया ऐतिहासिक अवसर

प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री का सीधे गया कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद करना महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने सभी छात्रों और शिक्षकों को नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश

कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा “नशा” अपनाइए जो सफलता, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की ओर ले जाए।

वहीं कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से गांव-गांव और मोहल्लों में नशा मुक्ति अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र और कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र को सम्मानित भी किया।

स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने किया। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों के कारण गया कॉलेज को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान मिली है।

नशा मुक्ति सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कुलपति से प्रत्येक महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई में नशा मुक्ति सहायता केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया, ताकि गयाजी शहर और आसपास के क्षेत्रों को पूर्णतः नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी, बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page