गयाजी में कार के गुप्त तहखाने से 145.8 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 जुलाई 2026,
गयाजी: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गयाजी जिले में मद्यनिषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वजीरगंज थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक कार के गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वाहन जांच के दौरान हुआ खुलासा
मद्यनिषेध विभाग की टीम फतेहपुर–वजीरगंज मुख्य मार्ग स्थित डाक स्थान के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर टाटा टियागो कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-04AG-4702) को रोका गया। तलाशी के दौरान कार में बनाए गए गुप्त तहखाने (हिडन कम्पार्टमेंट) से अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।
145.8 लीटर विदेशी शराब जब्त
तलाशी के दौरान Officer’s Choice Original Whisky (180 एमएल) के 810 टेट्रा पैक बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 145.800 लीटर बताई गई है। बरामदगी के बाद शराब एवं वाहन को जब्त कर लिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान इस प्रकार हुई—
1. विशाल कुमार (30 वर्ष), पिता स्व. राजेन्द्र प्रसाद, निवासी सलेमपुर, वार्ड संख्या-26, थाना नगर, जिला छपरा।
2. सुजीत कुमार जायसवाल (60 वर्ष), उपचालक, पिता स्व. कृष्ण कुमार जायसवाल, निवासी सलेमपुर, वार्ड संख्या-25, थाना नगर, जिला छपरा।
दोनों आरोपियों से शराब की खेप के स्रोत एवं गंतव्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक मद्यनिषेध उमेश चन्द्र राय ने किया। छापेमारी दल में मद्यनिषेध सिपाही विजय कुमार राय के साथ गृहरक्षक जवान एवं सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।
आगे की कार्रवाई जारी
मद्यनिषेध विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
