नीमचक बथानी थाना क्षेत्र से पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस के साथ पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जुलाई 2026,
गयाजी: जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सुशील कुमार के निर्देश पर नीमचक बथानी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि उसके दो अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 203/25 का आरोपी सत्यम कुमार अपने दो सहयोगियों के साथ कारस बिगहा बाजार स्थित एक दुकान के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो तीनों संदिग्ध पुलिस बल को देखकर भागने लगे। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
तलाशी में मिला लोडेड पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस
गिरफ्तार युवक की पहचान सत्यम कुमार, पिता राजन कुमार, निवासी खुर्द, थाना नीमचक बथानी, जिला गयाजी के रूप में हुई। विधिवत तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई। हथियार को अनलोड करने पर उसमें से सात जिंदा कारतूस मिले। बरामद हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ नया मामला
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 149/26, दिनांक 28 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि वह किसी आपराधिक गिरोह या अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
गयाजी पुलिस ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
