समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित जन प्रतीक्षालय का उद्घाटन, फरियादियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं और ऑनलाइन शिकायत अपडेट
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 जुलाई 2026,
गयाजी: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित जन प्रतीक्षालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य समाहरणालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक वातावरण में बैठने की सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
फरियादियों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया प्रतीक्षालय
जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न प्रशासनिक कार्यों एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय पहुंचते हैं। कई लोग अपने परिवार, महिलाओं एवं बच्चों के साथ भी आते हैं। पूर्व में प्रतीक्षा के दौरान होने वाली असुविधा को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस जन प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है।
एसी, पेयजल, शौचालय और आरामदायक बैठने की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि प्रतीक्षालय में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, पंखे, एयर कंडीशनर (एसी), स्वच्छ पेयजल तथा शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक बैठाकर उसकी बात सुनी जाए और आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
अब मिलेगी आवेदन की ऑनलाइन स्थिति की जानकारी
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जन प्रतीक्षालय में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर नियमित रूप से मौजूद रहेंगे। यहां आने वाले प्रत्येक आवेदक के आवेदन अथवा शिकायत की ऑनलाइन स्थिति की जांच कर उन्हें यह बताया जाएगा कि उनका मामला किस विभाग में लंबित है और उसके निष्पादन की वर्तमान स्थिति क्या है। इससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।
प्रतिदिन होगा निरीक्षण, अधिकारियों से होगा सीधा संवाद
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन तीन से चार बार जन प्रतीक्षालय का भ्रमण कर वहां उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनेंगे। वहीं, जिला पदाधिकारी स्वयं भी प्रतिदिन प्रतीक्षालय का निरीक्षण करेंगे और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।
सरकारी योजनाओं की जानकारी और सहायता डेस्क की सुविधा
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जन प्रतीक्षालय केवल शिकायत निवारण का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यहां आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा परिवहन विभाग की ओर से सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सेवाओं के लिए सहायता डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां नागरिक आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ आवेदन एवं प्रपत्र भी जमा कर सकेंगे।
जनसेवा को अधिक पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की पहल
उन्होंने कहा कि यह जन प्रतीक्षालय जिला प्रशासन की जनसेवा को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व), सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
