आय से अधिक संपत्ति मामले में अधीक्षण अभियंता के 6 ठिकानों पर EOU की रेड, 39 लाख के गहने और 90 लाख की जमा राशि मिली
आर्यावर्त वाणी | पटना | 24 जून 2026,
पटन: बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सह निदेशक पवन कुमार के छह ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। प्रारंभिक जांच में पवन कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से 103.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं।
विशेष न्यायालय से वारंट लेकर हुई कार्रवाई
आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 12/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी में पवन कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। वर्ष 1997 में सहायक अभियंता के रूप में नियुक्त हुए पवन कुमार के खिलाफ जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद EOU ने विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर बुधवार को पटना, भागलपुर, नोएडा और दिल्ली स्थित छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
13 भूखंड, फ्लैट और मकानों के दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान अभियंता और उनके परिवार के नाम पर खरीदी गई 13 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इनमें भूखंड, फ्लैट और मकान शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2021 से 2023 के बीच पवन कुमार और उनके परिवार के नाम पर लगभग दो बीघा चार कट्ठा व्यावसायिक भूमि खरीदी गई, जिसकी चारदीवारी भी कराई गई है।
इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा में फ्लैट खरीदने और बेचने से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं।
39 लाख के गहने और 5.15 लाख रुपये नकद बरामद
पटना स्थित आवास की तलाशी के दौरान 5.15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही बड़ी संख्या में आभूषणों की खरीद से संबंधित बिल और दस्तावेज मिले हैं। बरामद गहनों का प्रारंभिक मूल्यांकन लगभग 39 लाख रुपये आंका गया है।
बैंक खातों में 90 लाख की जमा राशि
EOU को जांच के दौरान अभियंता और उनके परिजनों के नाम पर विभिन्न बैंकों में 18 खाते और पीपीएफ में करीब 90 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। एजेंसी ने इन खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके अलावा एलआईसी, बजाज एलियांज, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और मैक्स लाइफ की कुल 14 बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनमें सालाना करीब तीन लाख रुपये का प्रीमियम जमा किया जाता है।
विदेश यात्राओं और लग्जरी खर्चों की भी जांच
जांच के दौरान एक होंडा सिटी कार, बच्चों की शिक्षा पर हुए खर्च तथा परिवार के विदेश दौरों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। आर्थिक अपराध इकाई का कहना है कि संपत्तियों के मूल्यांकन और तलाशी की कार्रवाई अभी जारी है तथा नोएडा और आसपास अन्य संभावित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
और बड़े खुलासों की संभावना
अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है। मामले की जानकारी भवन निर्माण विभाग को भी भेजी जा रही है, ताकि संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके।
