सीयूएसबी में 24 दिवसीय आवासीय गुरु दक्षता कार्यक्रम का शुभारम्भ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 जून 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की मालवीय मिशन-शिक्षक प्रशिक्षण योजना के तहत 24 दिवसीय आवासीय ‘गुरु दक्षता कार्यक्रम’ (फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम) का शुभारम्भ किया गया।
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार और झारखंड के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों से 42 शिक्षक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य नवनियुक्त शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता और शैक्षणिक क्षमता का विकास करना है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रो. चंद्र भूषण शर्मा, कुलपति, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग ने उच्च शिक्षा के अतीत, वर्तमान और भविष्य पर अपने विचार रखते हुए शिक्षकों को खुले विचार, शोधपरक दृष्टिकोण और वैश्विक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण और शोध संस्कृति को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर सीयूएसबी के विभिन्न पीठों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
