विष्णुपद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक का पैर कटा, हालत गंभीर

0
Screenshot_2026_0613_231255.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 जून 2026,

गयाजी: शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णुपद मंदिर के निकट हनुमान मंदिर बाईपास रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक का दाहिना पैर शरीर से अलग होकर सड़क किनारे डिवाइडर की चदरे में फंस गया।

घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार घुघरी टांड़ निवासी हर्ष अपने एक मित्र के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हर्ष सड़क पर गिर गए और उनका दाहिना पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक की मदद की। स्थानीय लोगों ने कटे हुए पैर को सुरक्षित ढंककर रखा तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की भयावहता देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जाम लगाने की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया तथा कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

मगध मेडिकल में चल रहा इलाज

सूचना मिलते ही विष्णुपद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हर्ष कुमार को तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

विष्णुपद थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है।

परिजनों ने पुलिस जवानों पर लगाए गंभीर आरोप

घायल के परिजनों ने दुर्घटना के बाद गुस्से में पुलिस प्रशासन को खूब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि मोड़ पर मौजूद पुलिस जवान पैसे लेकर अवैध रूप से बालू धोने वाले गाड़ियों को जाने की इजाजत दे देते है जिसके कारण ऐसे हादसे अक्सर होते रहते है। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page