गया कॉलेज में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ, 50 शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 नवम्बर 2026,
गयाजी। शिक्षकों के कौशल विकास एवं उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गया कॉलेज में सोमवार, 2 नवंबर को छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 7 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
कई शिक्षाविदों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने की। उद्घाटन सत्र में बिहार के राज्यपाल के शिक्षा सलाहकार प्रो. बी.के. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी और दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के एमएमटीटीसी निदेशक प्रो. तरुण कुमार त्यागी भी उपस्थित रहे।
पाठ्यक्रम और शिक्षण पद्धति पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने पाठ्यक्रम विकास, शिक्षण पद्धति, डिजाइन थिंकिंग एवं मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। दूसरे सत्र में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. प्रवीण कुमार ने शोध में नैतिकता, वैज्ञानिक ईमानदारी एवं मानवीय मूल्यों पर व्याख्यान दिया। वहीं, तीसरे सत्र में मगध विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. मुकेश कुमार ने पाठ्यक्रम विकास एवं डिजाइन विषय पर जानकारी दी।
लगभग 50 शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण
इस छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में गया कॉलेज सहित मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 50 शिक्षक भाग ले रहे हैं। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आने वाले विशेषज्ञ शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
उल्लेखनीय है कि गया कॉलेज मगध विश्वविद्यालय का पहला महाविद्यालय है, जहां इस प्रकार के फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुप पति तिवारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विजय कुमार ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
