विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026 के लिए गया के आर्यन राज का चयन, जिले का बढ़ाया मान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जून 2026
गयाजी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित माय भारत (MY Bharat) तथा गृह मंत्रालय के सहयोग से आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026 के लिए गयाजी जिले के बोधगया प्रखंड अंतर्गत नरकटिया गांव के होनहार युवा एवं माय भारत वालंटियर आर्यन राज का चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।
विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026 के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता 10 मई से 20 मई 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लगभग तीन लाख युवाओं ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद आर्यन राज ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, गहन समझ एवं विश्लेषणात्मक क्षमता के बल पर चयनित प्रतिभागियों में स्थान बनाया।
आर्यन राज ने बताया कि पूरे बिहार से केवल 15 युवाओं का चयन किया गया है, जबकि देशभर से कुल 500 प्रतिभागियों को इस कार्यक्रम के लिए चुना गया है। चयनित युवा सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 100 गांवों में आयोजित एक सप्ताह के विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। इनमें मुख्य रूप से लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा जम्मू और कश्मीर के सीमावर्ती गांव शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवा प्रतिभागी स्थानीय समुदायों के साथ संवाद स्थापित करेंगे तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियों और ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे सीमावर्ती क्षेत्रों की जीवनशैली, चुनौतियों और विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
आर्यन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाना तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
आर्यन राज की इस उपलब्धि पर बासाढ़ी सरकारी विद्यालय की शिक्षिकाएं रीना, सविता एवं चित्रा मैडम, पूर्व मुखिया अनूप यादव, पैक्स अध्यक्ष अमरोज कुमार तथा मणिकांत भूषण सहित कई गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों और युवाओं ने इसे पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
