गयाजी में नारी शक्ति योजना के तहत चयनित कर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 मई 2026,
गयाजी: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर द्वारा बुधवार को मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित पालना घर योजना एवं डीएचईडब्ल्यू (District Hub for Empowerment of Women) के तहत चयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम में चयनित कर्मियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही।
महिलाओं और बच्चों के विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शशांक शुभंकर ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के समग्र विकास, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पालना घर योजना के माध्यम से कामकाजी महिलाओं के बच्चों को सुरक्षित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि डीएचईडब्ल्यू के अंतर्गत नियुक्त Gender Specialist महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जागरूकता एवं सहायता कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान
जिला पदाधिकारी ने सभी नव नियुक्त कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े कार्यों में मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि वर्मा, जयवन्ती सिन्हा, सुशांत आनंद सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
