सीयूएसबी के चार पूर्व छात्रों को मुख्यमंत्री फेलोशिप, शासन-प्रशासन में निभाएंगे अहम भूमिका

0
IMG-20260424-WA0014.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 अप्रैल 2026,

गयाजी: सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार (सीयूएसबी) के चार पूर्ववर्ती छात्रों का चयन बिहार सरकार की प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के लिए हुआ है। चयनित छात्रों में बिमलेश भगत (विकास अध्ययन), सौरभ कुमार सिंह (पर्यावरण अध्ययन), दीपिका कुमारी (विकास अध्ययन) और नेहा कुमारी (समाजशास्त्रीय अध्ययन) शामिल हैं। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा सहित विभागाध्यक्षों और संकाय सदस्यों ने सभी चयनित छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कुलपति प्रो. के. एन. सिंह ने कहा कि यह बिहार में अपनी तरह की पहली फेलोशिप है और इसमें सीयूएसबी के छात्रों का चयन विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

क्या है मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना

जन संपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम के अनुसार, मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना (CMFS) आईआईएम बोधगया के सहयोग से संचालित एक दो वर्षीय कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य युवाओं और पेशेवरों को शासन एवं विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है।

इस योजना के तहत कुल 121 फेलोज़ को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त किया जाता है, जहां उन्हें ₹80,000 से ₹1,50,000 तक मासिक अनुदान प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही उन्हें प्रशिक्षण, मेंटरशिप और जमीनी स्तर पर कार्य करने का अनुभव भी मिलता है।

नीति निर्माण और गुड गवर्नेंस पर फोकस

यह फेलोशिप कार्यक्रम पब्लिक पॉलिसी और गुड गवर्नेंस में पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्रदान करता है। इसमें चयनित फेलोज़ को नीति निर्माण, क्रियान्वयन और मूल्यांकन की प्रक्रिया में सीधे शामिल किया जाता है। वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं पर कार्य करते हैं।

2047 के विकसित बिहार की दिशा में पहल

यह योजना उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए तैयार की गई है, जो सामाजिक परिवर्तन में योगदान देना चाहते हैं और वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। यह कार्यक्रम शैक्षणिक प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव का संतुलित संयोजन प्रस्तुत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page