कई कांडों में वांछित 50 हजार का इनामी अपराधी मोहन मांझी साथी सहित गिरफ्तार

0
IMG-20260407-WA0005.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 अप्रैल 2026

गयाजी; जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मोहन मांझी को उसके सहयोगी सोनु मांझी के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक सदर 2 धर्मेन्द्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से साझा की।

तकनीकी इनपुट पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा अपराधी मोहन मांझी कोलकाता के रास्ते जिले में प्रवेश कर सरबहदा की ओर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर विशेष टीम ने बोधगया दुमुहान क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान मोहन मांझी और सोनु मांझी के रूप में बताई।

हत्या कांड में संलिप्तता स्वीकार

पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2025 को डेल्हा थाना में दर्ज हत्या मामले में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इस कांड में आरोप है कि विवाद के दौरान मोहन मांझी और उसके साथियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पहले ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में वांछित

मोहन मांझी पर हत्या, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page