मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत जहानाबाद के 12 बच्चे जांच के लिए पटना रवाना
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 05 अप्रैल 2026,
जहानाबाद: स्वास्थ्य विभाग, बिहार के निर्देश पर जहानाबाद की जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के मार्गदर्शन में सिविल सर्जन डॉ. हरिचंद्र चौधरी के नेतृत्व में 05 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 12 बच्चों को हृदय संबंधी जांच के लिए सदर अस्पताल से एंबुलेंस द्वारा पटना भेजा गया। इस दौरान इन बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।
विशेष स्वास्थ्य शिविर में होगी जांच
सिविल सर्जन ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना के तत्वावधान में पटना के IGIC और PMCH में 4 एवं 5 अप्रैल को दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।
इस शिविर में श्री सत्य साई अस्पताल, अहमदाबाद के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जांच की जा रही है।
51 बच्चों का हो चुका है सफल ऑपरेशन
मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत जहानाबाद जिले से अब तक 51 बच्चों का सफल नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जा चुका है। यह योजना गंभीर हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है।
0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को मिलता है लाभ
इस योजना के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को हृदय रोग की जांच से लेकर ऑपरेशन तक की पूरी सुविधा मुफ्त दी जाती है।
सरकार द्वारा यात्रा खर्च, अस्पताल में भर्ती और सर्जरी का पूरा खर्च वहन किया जाता है।
स्क्रीनिंग से लेकर ऑपरेशन तक पूरी व्यवस्था
योजना के अंतर्गत:
🔹स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग की जाती है
🔹चिन्हित बच्चों को IGIC, AIIMS पटना, IGIMS पटना जैसे बड़े संस्थानों में भेजा जाता है
🔹जरूरत पड़ने पर बच्चों को अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साई अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भेजा जाता है
हजारों बच्चों को मिल चुका है जीवनदान
राज्य स्तर पर अब तक 2317 बच्चों का सफल इलाज किया जा चुका है, जिनमें से 1565 बच्चों का इलाज अहमदाबाद के सत्य साईं अस्पताल में हुआ है।
सरकार की महत्वपूर्ण पहल
मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को नया जीवन देने का कार्य कर रही है।
