जहानाबाद में रामनवमी को लेकर फ्लैग मार्च, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का दिया भरोसा

0
1774606926658.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 26 मार्च 2026,

जहानाबाद। रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिले में विधि व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान के संयुक्त नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने जिलेवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं भी दीं।

73 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती

जिला पदाधिकारी ने बताया कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिले में 73 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी जुलूसों के लिए समय और मार्ग निर्धारित किया गया है, जिसका पालन अनिवार्य होगा।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र की आवाज 70 डेसिबल से अधिक नहीं रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अतिरिक्त चिकित्सा दल और अग्निशमन वाहन को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरा मार्च

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

फ्लैग मार्च नगर थाना जहानाबाद से शुरू होकर अंबेडकर चौक, बत्तीस भबरिया, अस्पताल मोड़, बड़ी मस्जिद, सट्टी मोड़, पच्चमहला, मल्लहचक मोड़, फिदा हुसैन रोड, अरवल मोड़ होते हुए राजा बाजार से बभना तक निकाला गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

डीजे और हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कुल 23 जुलूसों को लाइसेंस दिया गया है। डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और अब तक 25 से अधिक डीजे जब्त किए जा चुके हैं। किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन और पशुओं के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन जारी

अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06114-223013 है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक यहां या डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

वरीय अधिकारियों की रही मौजूदगी

फ्लैग मार्च में अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी निपुन कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी और पुलिस बल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page