सीयूएसबी के विधि छात्रों ने लोक अदालत का किया शैक्षणिक अवलोकन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 मार्च 2026,
गयाजी; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस (एसएलजी) के अंतर्गत संचालित लीगल एड क्लिनिक के छात्र-छात्राओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गयाजी के मार्गदर्शन में आयोजित लोक अदालत का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न्यायिक प्रक्रिया को नजदीक से समझते हुए वैकल्पिक विवाद निपटान प्रणाली की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
न्याय व्यवस्था के व्यवहारिक पक्ष से कराया गया परिचय
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस शैक्षणिक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था के व्यवहारिक पहलुओं से परिचित कराना तथा लोक अदालत जैसी प्रभावी वैकल्पिक न्याय प्रणाली की उपयोगिता को समझाना था।
न्यायिक प्रक्रिया को समझने का मिला अवसर
सीयूएसबी के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि एसएलजी के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को अदालतों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ विकसित होती है।
कम समय में आपसी सहमति से होता है मामलों का समाधान
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं से संवाद कर लोक अदालत की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। उन्होंने देखा कि किस प्रकार बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद और सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े मामलों का समाधान आपसी सहमति के आधार पर कम समय में किया जाता है। इससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होता है और आम नागरिकों को त्वरित, सस्ता व सुलभ न्याय मिलता है।
शिक्षकों और छात्रों की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लीगल एड क्लिनिक के समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र कुमार, सह-समन्वयक डॉ. अनंत प्रकाश नारायण और डॉ. चंदना सुबा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं छात्र-समन्वयक रिफ़त हयात, पुष्पित रंजन और तनीशा रॉय सहित कई विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।