गयाजी में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर डीएम की बैठक, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 मार्च 2026,
गयाजी: जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गैस आपूर्ति के लिए जिला हेल्पलाइन स्थापित
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर डोमेस्टिक एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित की गई है। कोई भी उपभोक्ता गैस से संबंधित शिकायत, सूचना या सुझाव दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर सुबह 07 बजे से रात 10 बजे तक दर्ज करा सकते हैं। यह नियंत्रण कक्ष 13 मार्च 2026 से लगातार संचालित रहेगा।
जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं को पंजी में दर्ज किया जाएगा तथा उनके निवारण के लिए पालीवार पदाधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इस नियंत्रण कक्ष के संचालन के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय गयाजी के जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं: डीएम
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने स्पष्ट किया कि गयाजी जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि गैस की बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित है और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में इसी अवधि के अनुसार गैस की डिलीवरी दी जा रही है।
जिले में 67 गैस डिस्ट्रीब्यूटर
जिले में कुल 67 एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनमें
🔹Bharat Petroleum Corporation Limited के 27,
🔹Hindustan Petroleum Corporation Limited के 16,
🔹Indian Oil Corporation Limited के 24 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं।
जिले में कुल 7,90,941 घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं।
फर्स्ट कम फर्स्ट आउट के आधार पर वितरण
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जो उपभोक्ता पहले गैस बुक करेंगे, उन्हें पहले गैस उपलब्ध कराई जाएगी। यानी एलपीजी का वितरण फर्स्ट कम, फर्स्ट आउट के सिद्धांत पर किया जाएगा।
भीड़ और दबाव बनाने से बचने की अपील
जिला पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और गैस एजेंसी या गोदाम पर अनावश्यक भीड़ या दबाव न बनाएं। उन्होंने गयाजी पुलिस के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों को इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), वरीय उप समाहर्ता धनराज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा गैस कंपनियों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।