गयाजी के डीएम के नाम से बना फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, अधिकारियों और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 मार्च 2026,
गयाजी; जिले में डीएम के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने इसे गंभीर साइबर धोखाधड़ी की कोशिश बताते हुए सभी अधिकारियों और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार किसी असामाजिक तत्व ने शशांक शुभंकर के नाम से एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट का नंबर +84 582798131 बताया गया है। इतना ही नहीं, प्रोफाइल फोटो में भी जिला पदाधिकारी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह अकाउंट वास्तविक प्रतीत हो सके।
बताया गया है कि इस फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट से जिले के कुछ पदाधिकारियों को भी मैसेज भेजे गए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत लोगों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने स्पष्ट कहा है कि यह व्हाट्सएप अकाउंट पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि इस नंबर से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें और न ही किसी प्रकार की जानकारी साझा करें।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने साइबर अपराध की जांच के लिए Bihar Police Cyber Security Unit को निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (साइबर सिक्योरिटी) को संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस नंबर से कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है तो तुरंत प्रशासन या साइबर पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।