बोधगया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की प्रेस वार्ता, आम बजट को बताया जनहितैषी

0
Screenshot_2026_0208_232701.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 फरवरी 2026,

गयाजी; जिले के बोधगया में केंद्रीय मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने आम बजट को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट की सराहना करते हुए इसे गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हित में बताया।

मोदी सरकार की उपलब्धियों को किया रेखांकित

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का सीधा लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

किसानों और युवाओं पर विशेष फोकस

जीतन राम मांझी ने कहा कि आम बजट में किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर सरकार का स्पष्ट फोकस नजर आता है। उन्होंने बजट को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर दी प्रतिक्रिया

प्रेस वार्ता के दौरान सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और इसमें किसी प्रकार की राजनीतिक दुर्भावना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी नीट की मृतक छात्रा से जुड़े मामले में नहीं, बल्कि उनके एक पुराने केस से संबंधित है।

कानून से ऊपर कोई नहीं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है और न्यायिक प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों को जाने ही सरकार पर अनावश्यक आरोप लगा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान का संकल्प

प्रेस वार्ता के अंत में जीतन राम मांझी ने कहा कि केंद्र सरकार देश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए और भी ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page