गयाजी में 50-50 हजार के दो इनामी अपराधी गिरफ्तार, इलाके में दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा

0
IMG-20260203-WA0012.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 फरवरी 2026,

गयाजी। लंबे समय से फरार चल रहे और 50-50 हजार रुपये के इनामी दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में वकील मांझी और विक्की मांझी शामिल हैं। दोनों अपराधी अवैध धंधों के संचालन के साथ-साथ वर्चस्व की लड़ाई में इलाके में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। खासकर रेलवे स्टेशन के बगल के इलाके में इनके आतंक से आम लोग खौफजदा थे।

विशेष टीम की कार्रवाई, पहले जहानाबाद से गिरफ्तारी

गयाजी एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने पहले जहानाबाद जिले से वकील मांझी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर विक्की मांझी को गयाजी के मेन थाना क्षेत्र से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त डेल्हा थाना अंतर्गत बैरागी भुई टोली के रहने वाले हैं।

हत्या समेत कई कांडों में संलिप्त

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों अपराधी 3 अगस्त 2025 को डेल्हा क्षेत्र में नवनिर्मित मकान पर जा रहे एक व्यक्ति की हत्या में शामिल थे। इसके अलावा इन पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालिया महीनों में हत्या की घटनाओं और लगातार फरारी के चलते पुलिस ने इन पर इनाम घोषित किया था।


“दो कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है, जिन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। वकील मांझी की गिरफ्तारी जहानाबाद से हुई, जबकि उसकी निशानदेही पर विक्की मांझी को गयाजी से पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ कई कांड दर्ज हैं। मामले में पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

धर्मेन्द्र कुमार भारती, डीएसपी-2 गयाजी टाउन

इलाके में शांति, अन्य फरारों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त पहले भी जेल जा चुके हैं, और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल था। गिरफ्तारी के बाद फिलहाल इलाके में शांति है। वहीं, इस कांड में संलिप्त अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page