गयाजी में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल माहौल का वादा- श्रेयसी सिंह

0
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 फरवरी 2026,

गयाजी : बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि गयाजी में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि गयाजी एक ऐतिहासिक और ऊर्जावान भूमि है, जहां से हमेशा प्रतिभावान खिलाड़ी निकलते रहे हैं। सरकार की मंशा है कि यहां खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल वातावरण मिले। यह बातें आज खेल मंत्री ने गयाजी आगमन पर स्थानीय सर्किट हाउस में कही। उनके आगमन पर भाजपा नेता राजेश कुमार जैन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम के जर्जर हालात पर चिंता

खेल मंत्री ने स्थानीय गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की जर्जर चाहरदीवारी को देखकर उन्होंने चिंता जताई और जिला खेल पदाधिकारी को जल्द से जल्द स्टेडियम के नवीनीकरण एवं आधुनिक विकास के निर्देश दिए।

मूलभूत सुविधाओं के विकास पर जोर

श्रेयसी सिंह ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को स्टेडियम में खेल से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके तहत शौचालय, चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। आगामी वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर खेल संसाधनों में बढ़ोतरी की जाएगी।

डीपीआर बनाकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश

खेल मंत्री ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्टेडियम के विकास के लिए जल्द से जल्द बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को डीपीआर बनाकर प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि कार्य में देरी न हो।

अत्याधुनिक स्टेडियम बनाने की योजना

स्टेडियम को अत्याधुनिक बनाने के लिए इंजीनियरों की टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। फुटबॉल, क्रिकेट और एथलेटिक्स के लिए अलग-अलग ग्राउंड विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के हर जिले में विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

बैडमिंटन स्टेडियम का भी किया निरीक्षण

इस दौरान खेल मंत्री ने बैडमिंटन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उपस्थित खिलाड़ियों ने स्टेडियम में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page