खिजरसराय बाजार में जाम को लेकर प्रशासन सख्त, लगातार दूसरे दिन बिना परमिट बस पर कार्रवाई

0
IMG-20260201-WA0003.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 फरवरी 2026,

गयाजी। खिजरसराय बाजार में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में लगातार दूसरे दिन बिना वैध परमिट बाजार में प्रवेश कर रही एक बस को पकड़ा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज खिजरसराय बाजार में प्रवेश कर रही एक बस से जब प्रशासन द्वारा कागजात की मांग की गई तो चालक कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उक्त बस को जब्त कर नीमचक बथानी अनुमंडल परिसर में खड़ा करा दिया गया है। बस संचालक को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वह वैध परमिट प्रस्तुत करे। यदि परमिट नहीं दिखाया जाता है तो बिना परमिट खिजरसराय बाजार में प्रवेश करने के आरोप में चालान की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व, 31 जनवरी 2026 को भी बेलागंज से आ रही एक बस पर कार्रवाई की गई थी। जांच में पाया गया था कि बस का परमिट केवल श्रीपुर तक का था, इसके बावजूद चालक ने नियमों की अनदेखी करते हुए खिजरसराय बाजार में प्रवेश किया था। उस समय भी नियम उल्लंघन के कारण बस का चालान काटा गया था।

इस संबंध में नीमचक बथानी अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने बताया कि खिजरसराय बाजार में जाम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऐसे में बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

खिजरसराय बाजार में बिना परमिट प्रवेश पर कार्रवाई, एक बस का कटा चालान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page