गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में महादलित ने फहराया तिरंगा
आर्यावर्त वाणी | पटना | 26 जनवरी 2026,
पटना। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड अंतर्गत अकौना ग्राम पंचायत के मरांची महादलित टोला में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में टोले के वयोवृद्ध सिद्धेश्वर मांझी ने तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सद्भाव, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बना रहे यही राज्य सरकार की प्राथमिक कामना है। उन्होंने कहा कि बिहार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले पाँच वर्षों में विकास कार्यों की गति और तेज़ होगी, जिससे बिहार देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंधता एवं दृष्टिहानि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को चश्मा प्रदान किया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, जन वितरण प्रणाली तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र एवं चेक का वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब ज़मीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
