भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ, डीएम ने एलईडी वैन को दिखाई हरी झंडी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जनवरी 2026,
गयाजी; जिले में आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ आज समाहरणालय परिसर गयाजी में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने भूकंप सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, मॉक ड्रिल एवं प्रचार रथ के माध्यम से जिले भर में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिले भर में होंगी जागरूकता गतिविधियां
भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत जिले के सभी 24 प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटक टीम एलईडी वैन के साथ गांव-गांव एवं समुदाय स्तर पर जाकर प्रदर्शन करेगी, ताकि आम लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से भूकंप से बचाव की जानकारी दी जा सके।
मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण पर विशेष जोर
राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं गैर-सरकारी संगठनों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही बिहार अग्निशमन सेवा की टीम द्वारा भी आपदा से निपटने के लिए अभ्यास और प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एवं सही प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम
विद्यालय स्तर पर क्विज प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल, रैलियां एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और शिक्षकों को भूकंप के दौरान सुरक्षित व्यवहार के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशासनिक सहभागिता
इस अवसर पर सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, आईसीडीएस डीपीओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ), एडीएसएस, डीपीओ (Education) सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा आयोजित यह भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा जिले में आपदा के प्रति जागरूकता और सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान से संभावित भूकंप की स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम करने में मदद मिलेगी।