जी.एस. रिसॉर्ट विवाद को लेकर सिटी एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, शांति व्यवस्था के दिए निर्देश

0
IMG-20260115-WA0002.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जनवरी 2026,

गयाजी; गुरुवार दिनांक 15 जनवरी 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार द्वारा विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत जी.एस. रिसॉर्ट भवन के समीप रास्ते को लेकर उत्पन्न पुराने विवाद का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उक्त विवाद को लेकर पूर्व में रिसॉर्ट परिसर पर हमला, फायरिंग एवं पथराव जैसी गंभीर घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

नगर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का गहन अवलोकन किया तथा विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।

निरीक्षण के क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांड में संलिप्त अभियुक्तों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए निरोधात्मक कार्रवाई को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश विष्णुपद थानाध्यक्ष को दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page