आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 11 जनवरी 2026,
जहानाबाद। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जहानाबाद के परिसर में वार्षिक खेलकूद महोत्सव “उमंग–2026” का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। यह खेल महोत्सव 9 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएँ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारका दास नीमा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. पुरुषोत्तम कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “उमंग” केवल कॉलेज स्तर का आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को डिविजनल और राज्य स्तर तक पहुंचने का सशक्त मंच प्रदान करता है। उन्होंने अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि “उमंग” बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित इंजीनियरिंग कॉलेजों का एक वार्षिक खेल आयोजन है, जिसमें पहले कॉलेज स्तर, फिर डिविजनल स्तर और अंत में राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं। इस वर्ष के आयोजन में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स सहित कई खेल प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं दर्शक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
