गयाजी में ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डीएम ने जारी किए निर्देश, 7 जनवरी तक कक्षा 5 तक पढ़ाई पर रोक
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जनवरी 2026,
गयाजी; जिले में बढ़ती ठंड और सुबह–शाम के दौरान गिरते तापमान को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जिला दंडाधिकारी शशांक शुभंकर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा है कि गयाजी जिले के सभी सरकारी स्कूलों (प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र सहित), निजी स्कूलों एवं निजी कोचिंग संस्थानों में कक्षा 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां 07 जनवरी 2026 तक निलंबित रहेंगी।
साथ ही, कक्षा 6 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक संचालन करें और इस दौरान ठंड से बचाव की सभी आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करें।
सरकारी आवासीय विद्यालय तथा बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रखी गई हैं। यह आदेश 05 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा और 07 जनवरी 2026 तक लागू रहेगा।
