शौर्यसभा के माध्यम से युवाओं को श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जोड़ेगा बजरंग दल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 नवम्बर 2025,
गयाजी; विश्व हिंदू परिषद के गयाजी विभाग की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को IMA हॉल, विसरा तालाब में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांत उपाध्यक्ष नंदकिशोर गुप्त ने की, जबकि संचालन महानगर मंत्री राजीव कुमार ने किया।
आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पेश
बैठक में मुख्य वक्ता प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 से 7 दिसंबर तक शौर्य दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में शौर्यसभा के माध्यम से युवाओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन के इतिहास और महत्व से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन धर्मरक्षा दिवस, स्वामी श्रद्धानंद बलिदान दिवस और सामाजिक समरसता यात्रा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदू समाज में जागरण का माहौल बनाएगा।
धर्मांतरण, लव जिहाद और गौहत्या पर चर्चा
नंदकिशोर गुप्त ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद और गौहत्या जैसे मुद्दों पर विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को जागरूक रहने की सलाह दी।
नए दायित्वों की घोषणा
बैठक में महानगर मंत्री राजीव कुमार ने संगठन के विभिन्न नगर इकाइयों में नए दायित्वों की घोषणा की।
▫️नवीन कुमार – मंत्री, अम्बेडकर नगर
▫️अश्विनी कुमार – मंत्री, चाणक्य नगर
▫️रोहित एकघरा – मंत्री, माधव नगर
▫️शुभम गुरु – संयोजक, गोविंद सिंह नगर
वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
बैठक में आने वाले महीनों में संगठन की सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष रणनीति तैयार की गई इस अवसर पर प्रांत गौरक्षा प्रमुख रविन्द्र राय, प्रांत धर्मप्रसार प्रमुख भोला चौहान, प्रांत प्रवर्तन प्रमुख प्रेमनाथ टाइयां, विभाग संगठन मंत्री सूरज प्रताप, गयाजी जिला मंत्री राहुल कुमार, अरवल जिला अध्यक्ष सेलेश चौरसिया सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।