गयाजी में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार पर हमला, नौ गिरफ्तार

0
IMG-20251029-WA0006.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 अक्टूबर 2025,

गयाजी: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गया जिले से बड़ी खबर सामने आई है। टिकारी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री एवं हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष सह एनडीए प्रत्याशी डॉ. अनिल कुमार पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। यह घटना पंचानपुर थाना क्षेत्र के दिघौरा गांव में घटी, जहां डॉ. कुमार अपने जनसंपर्क अभियान के तहत पहुंचे थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जैसे ही डॉ. अनिल कुमार का काफिला गांव के समीप पहुंचा, कुछ लोगों ने विरोधस्वरूप ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। हमले में डॉ. अनिल कुमार सहित तीन लोग घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और बाद में अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।

डीएम गया ने बताया कि घटना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पंचानपुर थाना में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच की दिशा में तेजी लाई गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा डालने या हिंसक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि डॉ. अनिल कुमार टिकारी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी हैं और पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। यह हमला चुनावी माहौल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page