अब घर बैठे होगी जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री, वृद्धजनों के लिए सरकार का तोहफा

0
1767458175471.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 13 जनवरी 2026,

पटना। आम नागरिकों का जीवन आसान बनाने की दिशा में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ के अंतर्गत सरकार ने वृद्धजनों और जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण पहल की है।
सरकार ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजनों को जमीन अथवा फ्लैट की रजिस्ट्री में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए घर बैठे निबंधन सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को निबंधन कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

घर पर पहुंचेगी चलंत निबंधन इकाई

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा चलंत निबंधन इकाई (Mobile Registration Unit) के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों का निबंधन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। इसके लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि जमीन या फ्लैट की रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया 7 कार्य दिवसों के भीतर पूरी हो।

भूमि की अद्यतन जानकारी भी मिलेगी पहले

सरकार ने भूमि खरीदने वाले लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए एक और अहम व्यवस्था की है। अब भूमि की रजिस्ट्री से पहले क्रेता और विक्रेता को संबंधित भूमि की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत आवेदन मिलने पर निबंधन विभाग अंचल कार्यालय से भूमि की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवेदक को उपलब्ध कराएगा। इससे गलत जानकारी, विवाद और धोखाधड़ी की संभावना कम होगी।

1 अप्रैल 2026 से होगा लागू

इन सभी व्यवस्थाओं को 1 अप्रैल 2026 से लागू करने का निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिया गया है। सरकार का मानना है कि यह पहल विशेष रूप से 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी और आम नागरिकों को भी जमीन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता व सुविधा मिलेगी।

सरकार ने इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नागरिकों से सुझाव भी आमंत्रित किए हैं। इच्छुक लोग 19 जनवरी 2026 तक निर्धारित माध्यमों से अपने बहुमूल्य सुझाव दे सकते हैं। यह निर्णय राज्य में सुशासन और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page