गयाजी में 550 बच्चों ने निकाली बाल रैली, तिरंगे के साथ दिया हर घर तिरंगा का संदेश

0
IMG-20260814-WA0013.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 अगस्त 2026,

गयाजी: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत किलकारी बिहार बाल भवन, गयाजी के करीब 550 बच्चों ने शुक्रवार को शहर में भव्य बाल रैली निकाली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकले बच्चों ने लोगों को राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।

रैली को प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव और सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में किलकारी के अलग-अलग विधाओं से जुड़े बच्चे, प्रशिक्षक और कर्मी शामिल हुए।

अलग-अलग वेशभूषा में नजर आए बच्चे

किलकारी गेट नंबर-2 से शुरू हुई बाल रैली महारानी पेट्रोल पंप, पावर हाउस, न्यू एरिया, नूतन नगर, शाहमीर तकिया और दुर्गा स्थान होते हुए वापस किलकारी बिहार बाल भवन परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।

रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीत और नारे लगाए। अलग-अलग विधाओं से जुड़े बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और विशेष वेशभूषा के जरिए रैली को आकर्षक बनाया।

बच्चों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। इस दौरान किलकारी की ओर से पर्चे भी वितरित किए गए, जिनमें संस्था की गतिविधियों और कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी दी गई।

‘हर घर तिरंगा’ देश के प्रति जिम्मेदारी का माध्यम

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। बच्चों की रैली समाज में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। जब बच्चे खुद तिरंगा लेकर लोगों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हैं तो उसका प्रभाव समाज पर व्यापक होता है।

15 अगस्त को होगा स्वतंत्रता दिवस सप्ताह का समापन

किलकारी बिहार बाल भवन, गयाजी की ओर से 11 से 15 अगस्त 2026 तक स्वतंत्रता दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत 11 अगस्त को सम्मेलन एवं कविता पाठ, 12 अगस्त को चित्रकला प्रतियोगिता, 13 अगस्त को हस्तकला एवं मूर्तिकला प्रतियोगिता और 14 अगस्त को बाल रैली का आयोजन किया गया।

15 अगस्त को सुबह 10 बजे किलकारी परिसर में ध्वजारोहण, पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बच्चों की ओर से वंदेमातरम्, बिहार राज्य गीत, सामूहिक नृत्य, नाटक, पारंपरिक कथक समेत विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page