CUSB में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, धर्मशाला गांव में घर-घर पहुंचा राष्ट्रीय ध्वज

0
IMG-20260814-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 अगस्त 2026,

गयाजी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। विश्वविद्यालय परिसर से धर्मशाला गांव तक निकली इस यात्रा में करीब 100 विद्यार्थियों के साथ शिक्षक और कर्मचारी भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा को कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने झंडा दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ युवाओं में देश के प्रति कर्तव्यबोध भी पैदा करता है।

धर्मशाला गांव में घर-घर पहुंचाया तिरंगा

विश्वविद्यालय परिसर स्थित मधुवन कैफेटेरिया से शुरू हुई यात्रा धर्मशाला गांव पहुंची। यहां विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने घर-घर राष्ट्रीय ध्वज देकर लोगों को स्वतंत्रता, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।

कुलपति ने कहा कि ‘कैंपस फॉर कम्युनिटी’ अभियान के तहत धर्मशाला गांव में हर घर तिरंगा अभियान को पहुंचाना विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।

भारत माता के जयकारों से गूंजा परिसर

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय जवान, जय किसान’ जैसे नारों के साथ देशभक्ति का माहौल बनाया।

यात्रा में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी ने एकजुट होकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय के कई अधिकारी रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में डीएसडब्ल्यू प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रॉक्टर प्रो. प्रणव कुमार और NSS समन्वयक प्रो. उषा तिवारी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी शामिल रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में NSS के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रिंकी और डॉ. पारिजात प्रधान के अलावा डॉ. पीयूष कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र खत्रावत, डॉ. राधेश्याम ढोले, डॉ. विकल कुमार सिंह और डॉ. अनुज कुमार सिंह की भूमिका रही।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि तिरंगे के नीचे खड़े होकर गर्व का अनुभव होता है, लेकिन इसके साथ देश और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का दायित्व भी जुड़ा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page