गयाजी में जनजातीय गरिमा महोत्सव का शुभारंभ, जीतन राम मांझी ने लाभुकों को सौंपा आवास और जमीन का पट्टा

0
1779124627606.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 मई 2026,

गयाजी: रविवार को गयाजी स्थित समाहरणालय सभागार में जनजातीय गरिमा महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के मंत्री जीतन राम मांझी ने की। इस दौरान जनजातीय समुदाय के कई लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तथा वनाधिकार अधिनियम के तहत जमीन का पट्टा प्रदान किया गया।

“आदिवासी समाज देश के मूल निवासी”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि आदिवासी समाज भारत के मूल निवासी हैं और देश के संसाधनों पर उनका पहला अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनभागीदारी अभियान जनजातीय समाज के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए कम आबादी वाले टोले में भी प्राथमिक विद्यालय खोलने तथा अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यालयों एवं छात्रावासों में सीट आरक्षित करने की मांग उठाई।

“सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान पर जोर

जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि इस अभियान का टैगलाइन “जनभागीदारी अभियान – सबसे दूर, सबसे पहले” रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विशेष रूप से PVTG परिवारों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन योजना सहित सभी बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

पांच गांवों में होगा जनजातीय गरिमा उत्सव

डीएम ने बताया कि गयाजी जिले के पांच जनजातीय बहुल गांवों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें फतेहपुर प्रखंड के कठौतिया केवल, इमामगंज के मालहारी गांव तथा बांकेबाजार प्रखंड के मरनिया, डुमरी और नागोवार गांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बिरहोर और परहिया जनजाति के लोग निवास करते हैं।

विकास कार्यों की भी दी जानकारी

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में जनजातीय विकास को लेकर कई योजनाएं पहले से संचालित हैं। बिरहोर जनजाति के 22 लाभुकों को वनाधिकार अधिनियम के तहत जमीन दी जा चुकी है। वहीं PM JANMAN योजना के तहत बांकेबाजार क्षेत्र में मल्टीपरपज सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। लुटुआ पंचायत में एकलव्य स्कूल खोलने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

25 मई तक चलेगा विशेष अभियान

जिला प्रशासन द्वारा 18 से 25 मई तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें डोर-टू-डोर अभियान, स्वास्थ्य शिविर, जनसुनवाई, लाभ कार्ड वितरण, पौधारोपण अभियान और समीक्षा बैठक शामिल हैं। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page